2022 में English (अंग्रेज़ी) भाषा विश्व में सबसे अधिक लोगों द्वारा बोली जाने वाली भाषा बन गयी है। और यदि आप अंग्रेज़ी भाषा में निपुणता प्राप्त कर लेते हैं या अंग्रेज़ी सीख लेते हैं तो आप विश्व के अनेक अंग्रेज़ी भाषी देशों में पढ़ने, नौकरी करने या रहने के योग्य हो जाते हैं। भारत में हिंदी भाषा सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है, परन्तु भारत में भी इंग्लिश को भी अन्य भाषाओं के साथ-साथ आधिकारिक कामकाजी भाषा का दर्जा प्राप्त है। अतः यदि आप विदेश में ना जाकर भारत में ही रहना चाहते हैं और यहाँ पर ही नौकरी या बिज़नेस आदि करना चाहते हैं तो भी अंग्रेज़ी भाषा का प्रयोग आपको विभिन्न स्थानों पर विभिन्न कार्यों के लिए करना पड़ सकता है। अतः यदि आप इंग्लिश भाषा में निपुण नहीं हैं या कमज़ोर हैं और इंग्लिश सीखना चाहते हैं तो इस से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारी आपको यहाँ पर मिलेगी। अतः आइये जानते हैं कि English कैसे सीखें ?

English कैसे सीखें

इंग्लिश सीखने के लिए आपको किसी भी भाषा को सीखने की तरह ही अंग्रेज़ी भाषा के भी निम्नलिखित 4 पहलुओं को समझना और सीखना होगा:-

  • Listening (सुनना)
  • Speaking (बोलना)
  • Writing (लिखना)
  • Reading (पढ़ना)

उपरोक्त में से Listening (सुनना) और Reading (पढ़ना) दोनों समझने की आवश्यकता होती है और Speaking (बोलना) और Writing (लिखना) दोनों करने की। यदि दूसरे तरीके से समझा जाए तो किसी भी भाषा की बातचीत (वार्तालाप) में बोलने (स्पीकिंग) और सुनने (लिसनिंग) की आवश्यकता होती है और पढ़ाई-लिखाई में पढ़ने (रीडिंग) और लिखने (राइटिंग) की। आप चाहे हिंदी भाषी हों या कोई अन्य भाषा का प्रयोग करने वाले हों, उपरोक्त चारों पहलुओं का सम्पूर्ण ज्ञान ही आपको किसी भाषा में निपुणता प्रदान करता है। परन्तु प्रश्न यह उठता है कि किसी भी भाषा के उपरोक्त चारों पहलुओं में निपुणता कैसे प्राप्त की जाए।

यहाँ पर आपको एक-एक करके अंग्रेज़ी भाषा के उपरोक्त चारों पहलुओं में निपुणता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया जाएगा। अतः आइये जानते हैं कि English पढ़ना, लिखना, बोलना आदि कैसे सीखें या English कैसे सीखें।

English सुनना, समझना कैसे सीखें

अधिकतर व्यक्ति या छात्र यह मानते हैं कि अच्छी अंग्रेज़ी बोलना ही अंग्रेज़ी भाषा की समझ को दर्शाता है। परन्तु इंग्लिश भाषा को सुनना और सुनकर उसका मतलब समझ पाना भी अंग्रेज़ी भाषा के ज्ञान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। अतः अंग्रेज़ी भाषा को सुनकर समझ पाने के कौशल को विकसित करना और उसमे निखार लाना भी अत्यंत आवश्यक है। आप अपनी अंग्रेज़ी भाषा को सुनकर समझने की क्षमता को निम्नलिखित तरीकों से विकसित कर सकते हैं और निखार सकते हैं:-

  • इंग्लिश फ़िल्में और नाटक आदि देखें: ऐसा करने से आपकी अंग्रेज़ी भाषा की समझ सर्वाधिक विकसित होगी क्योंकि आप उसमे बोली जा रही अंग्रेज़ी भाषा को फिल्म के दृश्यों के साथ सम्बंधित करके आसानी से समझ सकते हैं।
  • रेडियो या टेलीविज़न पर इंग्लिश भाषा प्रोग्राम देखते समय अंग्रेज़ी का कोई नया शब्द या मुहावरा सुनें तो उसको कॉपी में लिख कर डिक्शनरी में उसका मतलब देखें और याद रखें।
  • अंग्रेज़ी के समाचार सुनें और देखें: English न्यूज़ सुनने का लाभ यह होगा कि उसमें आप अपने देश की घटित ऐसी घटनाओं को अंग्रेज़ी में सुन पाएंगे जो शायद आपने हिंदी भाषा में भी सुनी हों। अतः आप सम्बंधित अंग्रेज़ी भाषा की न्यूज़ को आसानी से समझ पाएंगे और English सीख पाएंगे।
  • English फिल्में, गाने, नाटक, धारावाहिक, समाचार आदि बार-बार सुनें।

English बोलना कैसे सीखें

यदि आपने सही उच्चारण (pronunciation) और सही व्याकरण (Grammer) के साथ English बोलनी सीख ली तो आप स्वयं को अंग्रेज़ी भाषा का ज्ञाता मान सकते हैं। अंग्रेज़ी भाषा को बोलने का कौशल विकसित करने या उसमें निखार लाने के लिए आप निम्नलिखित कर सकते हैं:-

  • अत्यधिक अभ्यास करें: English बोलना सीखने के लिए आपको बहुत अधिक अभ्यास की आवश्यकता होगी। इसके लिए आप प्रतिदिन अधिक से अधिक बातें अंग्रेज़ी में बोलने का प्रयास करें। जहाँ भी आपको मौका मिले अंग्रेज़ी में बात करने का प्रयास करें।
  • गलतियों से ना घबराएं: शुरुआत में अंग्रेज़ी भाषा में बातचीत करने में आपसे गलतियां होने की अधिक संभावना है परन्तु आपको इस से घबराना नहीं चाहिए। धीरे-धीरे आप अपनी गलतियों को जानने और उनमें सुधार करने का प्रयास करें और एक दिन ऐसा आएगा जब आप एकदम शुद्ध इंग्लिश बोलना शुरू कर देंगे।
  • शीशे के सामने अभ्यास करें: यदि शुरुआत में आपको अन्य व्यक्तियों के सामने English भाषा का प्रयोग करने में शर्म आती है या हिचकिचाहट महसूस होती है तो शुरुआत में आप शीशे के समक्ष खड़े होकर स्वयं से ही अंग्रेज़ी में बात करके आप अपनी शुरुआती झिझक को दूर कर सकते हैं।
  • स्वयं की रिकॉर्डिंग करें: आप इंग्लिश बोलते समय अपने द्वारा की गयी जानने और उनको दूर करने के लिए अपनी रिकॉर्डिंग करके उसको सुन भी सकते हैं।

English पढ़ना कैसे सीखें

किसी भी भाषा की तरह English के सम्पूर्ण ज्ञान के लिए भी इंग्लिश भाषा को ठीक से पढ़ना और पढ़कर समझ पाना भी अत्यंत आवश्यक है। आप इंग्लिश को पढ़ने और पढ़कर ठीक से समझने के अपने ज्ञान को विकसित करने या निखार लाने के लिए निम्नलिखित कर सकते हैं:-

  • अधिक से अधिक अंग्रेज़ी किताबें पढ़ें: अंग्रेज़ी भाषा की पढ़ने की स्किल्स विकसित करने या उनको सुधारने के लिए आप अधिक से अधिक अंग्रेज़ी किताबें पढ़ सकते हैं। जितना अधिक आप अंग्रेज़ी भाषा की किताबें पढ़ेंगे उतना ही आपकी अंग्रेज़ी भाषा में निखार आता चला जाएगा।
  • अंग्रेज़ी में अपनी पसंद के विषय और मुद्दे पढ़ें: यदि आप इस दुविधा में हैं कि आपको कौनसी किताबें पढ़नी चाहिए तो इसका सीधा सा जवाब यह है कि आपको अपने पसंद के विषयों और मुद्दों पर लिखित किताबें पढ़नी चाहिए। इसका लाभ यह होगा कि पढ़ाई में आपकी दिलचस्पी भी बनी रहेगी और आपकी अंग्रेज़ी भाषा की समझ में निखार भी आता रहेगा। यहाँ पर किताबों का अर्थ यह नहीं है कि आप कोर्स की पढ़ाई की किताबें अंग्रेज़ी में पढ़े, बल्कि आप अपनी दिलचस्पी के आधार पर कोई अंग्रेज़ी उपन्यास, कॉमिक्स आदि भी पढ़ सकते हैं।
  • मुश्किल शब्दों का अर्थ जानने के लिए डिक्शनरी का प्रयोग करें: कोई भी किताब पढ़ते समय आपको यह ध्यान अवश्य रखना है कि उसमें लिखित ऐसे शब्द जिनका अर्थ आप नहीं जानते हैं, उनको किसी कॉपी में लिख कर डिक्शनरी या शब्दकोष में उसका अर्थ देख कर कॉपी में लिखें और उसको याद करें और प्रतिदिन दोहराएं। ऐसा करने से आपकी अंग्रेज़ी की शब्दावली (Vocabulary) भी बढ़ेगी।

English लिखना कैसे सीखें

  • प्रतिदिन या सप्ताह में 2- 3 बार किसी विषय पर अंग्रेज़ी में एक छोटा या बड़ा लेख लिखने का प्रयास करें।
  • सम्बंधित लेख की किसी इंग्लिश में निपुण व्यक्ति से जाँच करवाएं और उसमें की गयी गलती को सुधारें।
  • यदि कोई अंग्रेज़ी में निपुण व्यक्ति आपके आसपास नहीं है तो आप इंटरनेट के माध्यम से भी अपने लेख की गलतियों को जाँच सकते हैं और उनमें सुधार कर सकते हैं।
  • अपने दोस्तों से whatsapp, फेसबुक आदि पर सदैव अंग्रेज़ी में चैट करने का प्रयास करें।

यह भी पढ़ें: IELTS Exam क्या है ?

निष्कर्ष

यहाँ पर इस लेख के माध्यम से आपको “English कैसे सीखें” से सम्बंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त हुई हैं। अतः यदि आप भी इंग्लिश सीखना चाहते हैं और यह जानना चाहते हैं कि उचित English कैसे लिखें, बोलें, समझें आदि, तो आप इस लेख में मौजूद जानकारी का लाभ उठा कर English सीखने के अपने मार्ग पर आगे बढ़ सकते हैं।

आप हमारी वेबसाइट शिक्षाव्यवसाय.कॉम पर भारत में मौजूद करियर, शिक्षा और रोज़गार से सम्बंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!