best career options for girls, ladies, women, females in india in hindi

जहाँ तक कैरियर की बात है तो भारत में अधिकतर कैरियर विकल्प महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए समान रूप से उपलब्ध हैं। परन्तु भारत में कुछ कैरियर विकल्प ऐसे हैं जो महिलाओं के लिए सबसे उपयुक्त दिखाई देते हैं और होते भी है। इसके अलावा कुछ कैरियर विकल्प ऐसे भी हैं जिनमें पुरुषों के मुकाबले महिलाओं या लड़कियों का अधिक दबदबा है। यहाँ पर इस लेख में हम कुछ ऐसे ही कैरियर विकल्पों के बारे में जानेंगे जो महिलाओं के लिए श्रेष्ठ हैं या अधिक उपयुक्त माने जाते हैं या जिनमें महिलाओं का अधिक दबदबा है। अतः आइये जानते हैं कि भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए 10 best कैरियर विकल्प कौन से हैं।

भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए 10 best कैरियर विकल्प

अब हम आपको भारत में महिलाओं / लड़कियों के लिए 10 best कैरियर विकल्पों के बारे में बताएँगे, जो निम्नलिखित हैं:-

टीचर (शिक्षक)

भारत में उपलब्ध विभिन्न कैरियर विकल्पों में से महिलाओं के समक्ष टीचर या शिक्षक के रूप में कैरियर बनाना एक बेहतरीन विकल्प है। यदि आप किसी सरकारी संस्था में किसी भी स्तर पर एक शिक्षक नियुक्त होती हैं तो इसमें शुरुआती वेतन भी बेहतरीन मिलता है जो समय के साथ- साथ बढ़ता रहता है। और यदि आप अपने विषय में निपुण हैं तो आप किसी निजी शिक्षण या कोचिंग संस्थान में भी एक अच्छा वेतन पा सकती हैं। एक शिक्षक के रूप में कार्य करके आप अपने जीवनकाल में हज़ारों लाखों विद्यार्थियों का एक बेहतर भविष्य बना सकती हैं। भारत में शिक्षक नियुक्त होने की सम्पूर्ण प्रक्रिया जानने के लिए आप हमारे लेख “टीचर कैसे बनें” और “कॉलेज प्रोफ़ेसर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

डॉक्टर

यदि हम भारत के डॉक्टरों पर नज़र डालें तो आपको प्रत्येक शहर में अनेकों पुरुष और महिला डॉक्टर नज़र आ जाएंगे। अतः डॉक्टरी क्षेत्र में पुरुष और महिला डॉक्टरों की समान भागीदारी है। परन्तु डॉक्टरी पेशे में कुछ विशेषज्ञताएं ऐसी हैं जिनमें अधिकतर आपको महिला डॉक्टर ही दिखाई देंगी। उन विशेषज्ञताओं में से सर्वोपरि है स्त्री रोग विशेषज्ञ। एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर को अंग्रेजी भाषा में Gynecologist कहा जाता है। भारत में अधिकतर Gynecologist महिलाएं ही हैं। अतः महिलाओं के लिए डॉक्टरी पेशे में Gynecology एक बेहतरीन विकल्प है। अन्यथा किसी भी विशेषज्ञता का डॉक्टर बनना भी महिलाओं के लिए एक बेहतरीन कैरियर विकल्प है। डॉक्टर बनने से सम्बंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए आप हमारा लेख “डॉक्टर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

नर्स

यदि आप स्वास्थ्य सम्बन्धी सेवा करने की इच्छा रखती हैं और किसी कारणवश डॉक्टरी कोर्स में प्रवेश पाने से वंचित रह जाती हैं तो इसी क्षेत्र में महिलाओं के लिए नर्सिंग क्षेत्र भी एक बेहतरीन विकल्प है। आप एक नर्स बन कर भी भारत की स्वास्थ्य सम्बंधित सेवाओं में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। भारत में नर्सिंग क्षेत्र में भी पुरुषों से अधिक महिला नर्स देखी जा सकती हैं। नर्स बनने से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी के लिए आप हमारा लेख “नर्स कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

एयर होस्टेस

यदि आप एक अच्छे वेतन के साथ-साथ आसमान की ऊंचाई छूना चाहती हैं तो आप एयर होस्टेस को अपने कैरियर विकल्प के रूप में चुन सकती हैं। एयर होस्टेस की नौकरी पर भी महिला और पुरुष दोनों नियुक्त हो सकते हैं और सम्बंधित पद पर तैनात पुरुषों को फ्लाइट स्टीवर्ड कहा जाता है। परन्तु यह एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ निश्चित रूप से महिलाओं का दबदबा है और किसी भी विमानन कंपनी या हवाई जहाज़ में एयर होस्टेस की मौजूदगी फ्लाइट स्टीवर्ड से या तो अधिक होती है या शत-प्रतिशत होती है। अतः महिलाओं के लिए श्रेष्ठ कैरियर विकल्पों में से एयर होस्टेस बनने का एक बेहतरीन विकल्प भी उपलब्ध है। एयर होस्टेस बनने की प्रक्रिया से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “एयर होस्टेस कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

फैशन डिज़ाइनर

फैशन डिज़ाइनिंग- एक और ऐसा कैरियर क्षेत्र जहाँ पर पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की अधिकता देखी जा सकती है। परन्तु इसका अर्थ यह नहीं है कि फैशन डिज़ाइनिंग के क्षेत्र में बिल्कुल भी पुरुष नहीं पाये जाते हैं। भारत में ही नहीं विश्व भर में फैशन डिज़ाइनिंग के क्षेत्र में कई जाने माने पुरुषों की गिनती श्रेष्ठ फैशन डिज़ाइनर के रूप में होती है। परन्तु फैशन डिज़ाइनिंग के क्षेत्र में महिलाओं के लिए अधिक संभावनाएं और विकल्प मौजूद हैं। फैशन डिज़ाइनिंग क्षेत्र से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “NIFT क्या है और फैशन डिज़ाइनर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

पत्रकार / न्यूज़ रिपोर्टर

यदि आप न्यूज़ देखती हैं तो विभिन्न न्यूज़ चैनलों पर आपने कई ऐसी जानी-मानी पत्रकारों को देखा होगा जिनकी गिनती भारत के श्रेष्ठ पत्रकारों या न्यूज़ रिपोर्टरों में होती हैं। आज के युग में पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलायें पुरुषों से कंधे से कंधा मिला कर चल रही हैं, अर्थात महिला पत्रकार किसी भी पत्रकारिता क्षेत्र (कार्य, स्वीकार्यता, अखंडता, वेतन आदि) में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। अतः महिलाओं के लिए पत्रकारिता भी एक बेहतरीन कैरियर विकल्प है। पत्रकार या Journalist बनने से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप “पत्रकार कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

सौंदर्य और सौंदर्य प्रसाधन क्षेत्र

सौंदर्य और सौंदर्य प्रसाधनों से सम्बंधित नौकरी या व्यवसाय करने में भी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का ही दबदबा रहता है। सौंदर्य और सौंदर्य प्रसाधनों से सम्बंधित मार्केटिंग, बिक्री आदि कार्य हों या ब्यूटी पार्लर का व्यवसाय हो, इन सब नौकरियों और व्यवसायों पर अधिकतर महिलाएं काम करती देखी जा सकती हैं।

योगा और फिटनेस ट्रेनर

योगा और फिटनेस ट्रेनिंग के क्षेत्र में भी महिलाओं और पुरुषों की बराबर की भागीदारी है। परन्तु योगा और फिटनेस ट्रेनिंग या प्रशिक्षण देने में भी महिलाएं विशिष्ट योगदान दे रही हैं। इस क्षेत्र में आप किसी शिक्षण संस्थान में नौकरी कर सकती हैं या अपना योगा प्रशिक्षण केंद्र खोल सकती हैं। परन्तु इसके लिए पहले आपको स्वयं योगा और फिटनेस क्षेत्र में निपुण होना पड़ेगा। अतः योगा और फिटनेस ट्रेनिंग का क्षेत्र भी महिलाओं के लिए एक अच्छा कैरियर विकल्प है।

फ्रीलांसिंग

इंटरनेट के इस युग में बहुत सी महिलायें घर बैठें ऑनलाइन फ्रीलांसिंग नौकरियों के माध्यम से भी अच्छा पैसा कमा रही हैं। फ्रीलांसिंग से सम्बंधित किसी भी क्षेत्र में ऑनलाइन जॉब या ऑनलाइन काम पाने के लिए आपको सम्बंधित क्षेत्र में निपुणता या जानकारी होनी चाहिए। ऑनलाइन फ्रीलांसिंग नौकरी के विकल्पों में से निम्नलिखित मुख्य विकल्प हैं:

  • लेखन
  • टाइपिंग
  • अनुवादक
  • कंटेंट लेखक
  • शुद्धिकारक; आदि।

फ्रीलांसिंग से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “फ्रीलांसिंग क्या है और फ्रीलांसिंग से पैसे कैसे कमाएं” पढ़ सकते हैं।

सरकारी नौकरी

आज के युग में छोटे से छोटे पद से लेकर IAS जैसे सर्वोच्च सरकारी पद तक बहुत सी महिलायें कार्यरत है और देश सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। अतः किसी भी सरकारी नौकरी के किसी भी सरकारी पद पर नियुक्ति प्राप्त करना भी महिलाओं के लिए एक अच्छा कैरियर विकल्प है। यहाँ पर हम बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की गिनती भी सरकारी नौकरी में ही कर रहे हैं परन्तु बैंकिंग क्षेत्र में नौकरियां सरकारी भी होती है और प्राइवेट भी होती हैं। अतः सरकारी नौकरी और बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी भी महिलाओं के लिए एक बेहतरीन कैरियर विकल्प है। सरकारी नौकरी पाने और बैंक में नौकरी पाने की पूरी प्रक्रिया जानने के लिए आप हमारे लेख “सरकारी नौकरी कैसे पाएं” और “बैंक में नौकरी कैसे पाएं” पढ़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: भारत में लड़कियों/ महिलाओं के लिए 10 श्रेष्ठ शैक्षिक कोर्स विकल्प

निष्कर्ष

यहाँ पर इस लेख में हमने भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए best कैरियर विकल्पों के बारे में बताया है और उम्मीद करते हैं कि यह जानकारी आपके लिए अपने कैरियर विकल्प चुनने में लाभदायक होगी। अतः इस जानकारी का लाभ उठाइये और अपनी योग्यता और इच्छाओं के अनुसार एक बेहतर कैरियर विकल्प चुनिए। परन्तु यह ध्यान रहे कि उपरोक्त कैरियर विकल्पों के अलावा भी महिलाओं और पुरुषों दोनों के लिए ही भारत में अन्य कई कैरियर विकल्प भी मौजूद हैं किसी नतीजे पर पहुँचने से पहले उन विकल्पों को भी जाँच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!