top 10 course options for females in India in Hindi

आज के युग में भारत में लड़कियाँ या महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं और लगभग प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिला कर चल रही हैं। यदि पढ़ाई के क्षेत्र की बात की जाए तो महिलाएं लगभग ऐसे सभी क्षेत्रों / कोर्स विकल्पों को चुन सकती हैं जो कोई भी पुरुष पढ़ाई के लिए चुन सकता है। परन्तु कुछ क्षेत्र या शैक्षिक कोर्स विकल्प महिलाओं या लड़कियों के लिए अधिक उचित दिखाई देते हैं, क्योंकि उन करियर क्षेत्रों में महिलाओं की संख्या पुरुषों की संख्या के बराबर या अधिक दिखाई देती है। इस लेख में हम ऐसे ही कुछ कोर्स विकल्पों के बारे में जानेंगे जो भारत में महिलाओं के लिए श्रेष्ठ कोर्स विकल्पों में मौजूद हैं। अतः आइये जानते हैं भारत में लड़कियों/ महिलाओं के लिए 10 श्रेष्ठ शैक्षिक कोर्स विकल्प कौनसे हैं (What are the top 10 and best Educational Courses for females/ girls/ women in India in Hindi).

भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए टॉप 10 शैक्षिक कोर्स विकल्प

बैचलर ऑफ़ फैशन टेक्नोलॉजी (BFT)

भारत में फैशन उद्योग सबसे सफल उद्योगों में से एक माना जाता है और यदि आप कपड़ा परिधान और फैशन इंडस्ट्री के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं तो इसके लिए आप 12वीं कक्षा के बाद “बैचलर ऑफ़ फैशन टेक्नोलॉजी (BFT)” या “बैचलर ऑफ़ डिज़ाइन (B.Des)” कोर्स कर सकते हैं। उपरोक्त दोनों कोर्स स्नातक (ग्रेजुएशन) डिग्री कोर्स हैं और इन दोनों कोर्सों की अवधि 4 वर्ष की होती है। दिल्ली में स्थित “नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT)”, फैशन कोर्सों के क्षेत्र में भारत का ही नहीं अपितु दुनिया के श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में से एक है। भारत में दिल्ली के अलावा कई अन्य स्थानों पर भी NIFT संस्थान स्थापित हैं, जहाँ से फैशन डिज़ाइन और फैशन टेक्नोलॉजी में ग्रेजुएशन कोर्स किया जा सकता है। NIFT शिक्षण संस्थानों के अलावा अन्य कई शिक्षण संस्थानों में भी BFT या B.Des कोर्स किया जा सकता है।

यदि आप NIFT संस्थानों से सम्बंधित और फैशन डिज़ाइनर बनने से सम्बंधित अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं तो आप हमारा लेख “NIFT क्या है और फैशन डिज़ाइनर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

बैचलर ऑफ़ मास कम्युनिकेशन (पत्रकारिता कोर्स)

जहाँ तक महिलाओं के लिए श्रेष्ठ करियर विकल्पों की बात है तो पत्रकारिता या Journalism भी महिलाओं के लिए भारत में मौजूद श्रेष्ठ करियर विकल्पों में से एक है। और यदि आप एक पत्रकार बनना चाहते हैं तो इसके लिए आप 12th के बाद ‘मास कम्युनिकेशन (Mass Communication)’ या ‘जर्नलिज़्म (पत्रकारिता)’ में स्नातक (ग्रेजुएशन) कोर्स कर सकते हैं। उपरोक्त विषयों में किये जाने वाले ग्रेजुएशन कोर्स को “बैचलर ऑफ़ मास कम्युनिकेशन” कहा जाता है और यह कोर्स भारत के लगभग सभी जाने-माने और बड़े विश्वविद्यालयों में उपलब्ध है। पत्रकारिता और पत्रकार बनने की प्रक्रिया से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “पत्रकार कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

एयर होस्टेस ट्रेनिंग कोर्स

एयर होस्टेस का पद एक ऐसा पद होता है जिस पर महिलाओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले कहीं अधिक है। वैसे तो एयर होस्टेस शब्द का प्रयोग केवल महिलाओं के लिए ही किया जाता है परन्तु इसके समकक्ष कार्य के लिए पुरुष अभ्यर्थियों की नियुक्ति भी की जाती है, जिनको फ्लाइट स्टीवर्ड कहा जाता है। एक एयर होस्टेस का मुख्य कार्य हवाई जहाज़ में यात्रियों के चढ़ने से लेकर उनके उतरने तक के सम्पूर्ण सफर के दौरान उनको खाने-पीने और सुरक्षा सम्बंधित जानकारी देने सहित अन्य कई सहायता प्रदान करने का होता है। भारत में एयर-होस्टेस बनने के लिए 12वीं और ग्रेजुएशन के बाद कई सर्टिफिकेट/ डिप्लोमा/ डिग्री कोर्स उपलब्ध हैं। एयर-होस्टेस के विभिन्न कोर्स, संस्थान और नियुक्ति प्रक्रिया आदि से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “एयर-होस्टेस कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

B.Sc (होम साइंस)

लड़कियों के लिए श्रेष्ठ शैक्षिक कोर्सों में से B.Sc (होम साइंस) कोर्स भी एक बेहतरीन विकल्प है। B.Sc (होम साइंस) कोर्स की अवधि 3-वर्ष की होती है और यह भी 12वीं कक्षा के बाद किया जा सकता है। यह कोर्स भी एक ग्रेजुएशन (स्नातक) डिग्री कोर्स होता है। इस कोर्स में मुख्यतः खाद्य पदार्थ एवं पोषण, कपड़ा और परिधान विज्ञान, मानव विकास, संचार प्रबंधन आदि विषयों से सम्बंधित पढ़ाई कराई जाती है। B.Sc (होम साइंस) कोर्स से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी के लिए आप “B.Sc (होम साइंस) क्या है और कैसे करें” पढ़ सकते हैं।

बैचलर ऑफ़ फाइन आर्ट्स (BFA)

बैचलर ऑफ़ फाइन आर्ट्स (BFA), 12वीं कक्षा के बाद किया जाने वाला एक 4-वर्षीय ग्रेजुएशन डिग्री कोर्स है। इस कोर्स में मुख्यतः थिएटर, फ़िल्म निर्माण, एनीमेशन, संगीत, नृत्य, पेंटिंग, ड्राइंग, पॉटरी, कंटेंट राइटिंग आदि विषयों से सम्बंधित पढ़ाई कराई जाती है और प्रशिक्षण दिया जाता है। अतः यह कोर्स करने वाले छात्र उपरोक्त विषयों से सम्बंधित क्षेत्रों को अपने करियर विकल्प के रूप में चुन सकते हैं। फाइन आर्ट्स के स्नातक (ग्रेजुएशन) कोर्सों में अभ्यर्थियों के समक्ष 3-वर्षीय B.A. (फाइन आर्ट्स) कोर्स करने का विकल्प भी मौजूद है। फाइन आर्ट्स से सम्बंधित सभी कोर्स लड़कियों या महिलाओं के लिए उपयुक्त होते हैं।

बैचलर ऑफ़ फाइन आर्ट्स (BFA) से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप हमारा लेख “बैचलर ऑफ़ फाइन आर्ट्स (BFA) या B.A. (फाइन आर्ट्स) कोर्स क्या है और कैसे करें” पढ़ सकते हैं।

B.Ed / D.Ed / D.El.Ed

एक शिक्षिका या टीचर के रूप में कार्य करना या एक टीचर की नौकरी भारत में महिलाओं के लिए एक आदर्श नौकरी समझी जाती है। भारत में स्कूल टीचर बनने के लिए ग्रेजुएशन (स्नातक) या पोस्ट-ग्रेजुएशन (स्नातकोत्तर) डिग्री कोर्स के साथ B.Ed कोर्स करना अनिवार्य होता है और एक प्राइमरी टीचर बनने के लिए B.Ed के अलावा D.Ed या D.El.Ed कोर्स करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। उपरोक्त शैक्षिक योग्यता धारक अभ्यर्थियों को सम्बंधित TET परीक्षा (टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट) उत्तीर्ण करना भी अनिवार्य होता है। अतः महिलाओं के लिए B.Ed या D.Ed या D.El.Ed कोर्स करना भी एक बेहतरीन विकल्प है। B.Ed और D.El.Ed से सम्बंधित अधिक जानकारी के लिए आप “B.Ed क्या है और B.Ed कोर्स कैसे करें” और “D.El.Ed क्या है और D.El.Ed कोर्स कैसे करें” पढ़ सकते हैं।

यदि आप किसी डिग्री कॉलेज में सहायक प्रोफ़ेसर के पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो इसके लिए आपको सम्बंधित विषय में Ph.D डिग्री धारक होना चाहिए और साथ ही NET परीक्षा उत्तीर्ण भी होने चाहिए। भारत में स्कूल/ कॉलेज में टीचर बनने से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त करने के लिए आप “टीचर कैसे बनें” और “कॉलेज प्रोफ़ेसर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

MBBS

भारत में डॉक्टर या चिकित्सक बनना भी महिलाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ करियर विकल्पों में से एक है। अतः एक डॉक्टर बनने के लिए आप 12वीं कक्षा के बाद MBBS कोर्स भी कर सकते हैं। MBBS कोर्स से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी के लिए आप हमारा लेख “MBBS क्या है और कैसे करें” पढ़ सकते हैं। MBBS कोर्स उत्तीर्ण करने के बाद अभ्यर्थी एलोपैथी पद्धति का डॉक्टर बनता है, परन्तु आयुर्वेदिक या होम्योपैथिक पद्धति के डॉक्टर बनने के लिए अभ्यर्थी क्रमशः BAMS या BHMS कोर्स भी कर सकते हैं और दन्त चिकित्सक (डेंटिस्ट) बनने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थी BDS कोर्स भी कर सकते हैं। अतः किसी भी पद्धति का डॉक्टर बनने से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी के लिए आप हमारा लेख “डॉक्टर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

B.Sc (नर्सिंग)

यदि आप चिकित्सा क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहते हैं और किसी कारणवश आप डॉक्टर बनने के लिए MBBS या अन्य सम्बंधित कोर्स में एडमिशन नहीं ले पाते हैं तो चिकित्सा क्षेत्र में महिलाओं के लिए दूसरा श्रेष्ठ विकल्प नर्स का होता है। एक नर्स बनने के लिए आप B.Sc (नर्सिंग) कोर्स कर सकते हैं। B.Sc (नर्सिंग) कोर्स और नर्स बनने से सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त करने के लिए आप “B.Sc (नर्सिंग) क्या है और कैसे करें” और “नर्स कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

B.Sc / B.A. / B.Com

भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए श्रेष्ठ कोर्सों में B.Sc. / B.Com / B.A. जैसे सामान्य स्नातक कोर्स भी शामिल हैं। आप यह कोर्स करने के उपरान्त भारत में कोई भी ग्रेजुएशन डिग्री प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए मौजूद विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसी नौकरियों के लिए मौजूद सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगी परीक्षाएं UPSC द्वारा आयोजित की जाने वाली “सिविल सेवा परीक्षा (Civil Services Exam)” और SSC द्वारा आयोजित की जाने वाली “कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा (SSC CGL परीक्षा)” हैं। भारत में सरकारी नौकरी पाने के विभिन्न विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने के लिए आप हमारा लेख “सरकारी नौकरी कैसे पाएं” पढ़ सकते हैं।

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि B.Sc. / B.Com / B.A. जैसे सामान्य ग्रेजुएशन कोर्स करने के उपरान्त यदि कोई अभ्यर्थी टीचर बनना चाहता है तो उसके लिए वह ग्रेजुएशन कोर्स के बाद B.Ed या D.Ed / D.El.Ed कोर्स करके और सम्बंधित TET परीक्षा उत्तीर्ण करके सरकारी / प्राइवेट विद्यालयों में टीचर बनने के लिए आवेदन कर सकता है।

एक्टिंग/ मॉडलिंग के विभिन्न कोर्स

फ़िल्म एक्टिंग या टेलीविज़न (टीवी) एक्टिंग के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से कम नहीं होती है। अतः महिलाओं के लिए एक्टिंग का क्षेत्र भी करियर विकल्प के रूप में चुनने का एक बेहतरीन विकल्प मौजूद है। परन्तु यदि आपको यह जानकारी नहीं है कि एक्टिंग के क्षेत्र में करियर कैसे बनाया जा सकता है तो आपको यह जानकारी देनी अत्यंत आवश्यक है कि भारत में एक्टिंग सिखाने के लिए भी कई सरकारी और प्राइवेट संस्थान मौजूद हैं और उनमें एक्टिंग के विभिन्न सर्टिफिकेट/ डिप्लोमा/ ग्रेजुएशन/ पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा कोर्स कराये जाते हैं। बॉलीवुड फिल्मों में कई जाने-माने कलाकारों (जया बच्चन, मिथुन चक्रवर्ती, ओमपुरी, शबाना आज़मी, नसीरुद्दीन शाह, अनुपम खेर, राज बब्बर, मनीष पॉल आदि) ने उक्त एक्टिंग संस्थानों से एक्टिंग कोर्स करने के उपरान्त ही फिल्मों में एक्टिंग शुरू की थी। भारत में मौजूद विभिन्न एक्टिंग संस्थान और कोर्स विकल्पों की जानकारी के लिए आप हमारा लेख “एक्टर कैसे बनें” पढ़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: भारत में लड़कियों / महिलाओं के लिए 10 best करियर विकल्प

निष्कर्ष

यहाँ पर हमने आपको लड़कियों या महिलाओं के लिए भारत में मौजूद 10 best courses के बारे में बताया है। अतः यदि आप एक छात्र हैं तो आप अपनी योग्यता और इच्छा के अनुसार उपरोक्त लिखित करियर विकल्पों में से कोई एक विकल्प चुन सकते हैं और सम्बंधित क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं।

One thought on “भारत में लड़कियों/ महिलाओं के लिए 10 श्रेष्ठ शैक्षिक कोर्स विकल्प (Top 10 Educational Courses for females in India in Hindi)”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!